अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगई में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक खंडहरनुमा मकान के अंदर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बरगई निवासी राजकुमार सिंह (53 वर्ष), पिता सबल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 15 से 20 दिनों से घर से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गांव के मुख्य मार्ग से करीब 100 मीटर अंदर स्थित पुरंदन सिंह के पुराने एवं जर्जर मकान से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब वे मकान के भीतर पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति का शव मयार (छत की लकड़ी) से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव काफी पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था और उसका कुछ हिस्सा नीचे गिर गया था।
ग्रामीणों ने मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान राजकुमार सिंह के रूप में की। परिजनों ने बताया कि राजकुमार शराब पीने का आदी था और कई दिनों से घर से लापता था। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन रविवार को उसका शव मिलने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना ग्राम पंचायत बरगई के सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा दरिमा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

