सरगुजा। जिले के विकासखंड शिक्षा कार्यालय अंबिकापुर में पदस्थ प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रदीप कुमार राय के खिलाफ भ्रष्टाचार, अनियमितता, मनमानी और तानाशाही रवैये के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। यह कार्रवाई रोजालिया मिंज एवं कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर के समस्त लिपिक वर्ग द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई है।

इस मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर एवं जिला पंचायत सरगुजा की उपसंचालक ऋतू साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच पूरी होने और अंतिम निर्णय आने तक प्रदीप कुमार राय को अस्थायी रूप से प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी के दायित्व से हटाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में कार्य संपादन के लिए संलग्न किया गया है।
गौरतलब हैं कि प्रदीप कुमार राय के विरुद्ध इससे पहले विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर में पदस्थापना के दौरान भी इसी प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने अस्थाई रूप से सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ललित कुमार जाटवर को आगामी आदेश तक प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर का प्रभार सौंप दिया है।

