अंबिकापुर। दुर्ग में हुए बहुचर्चित हत्याकांड को लेकर कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबिकापुर के घड़ी चौक में मुख्यमंत्री और गृह मंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सिर्फ कमीशनखोरी में व्यस्त है, जनता की सुरक्षा से किसी को कोई लेना-देना नहीं है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाज़ी की और प्रदेश सरकार से इस्तीफे की मांग की।
इधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा “ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स विभाग अब मोदी सरकार के पालतू कुत्ते बन चुके हैं। जो भी भाजपा को टक्कर देता है, इन एजेंसियों को उसके पीछे छोड़ दिया जाता है।”

