बीजापुर। जिले के पोंजेर नाला के पास सोमवार की दोपहर एक सड़क हादसे ने सन्नाटा पसार दिया, लेकिन वहाँ तैनात सुरक्षाबलों की तत्परता ने दो जिंदगियों को मौत के मुँह से खींच लिया। चाट्टान पारा निवासी भूपेंद्र और शांति नगर के रोहित अपनी मोटरसाइकिल से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरे थे। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल थे और दर्द से कराह रहे थे, तभी मानवता का चेहरा बनकर 168 बटालियन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार और उनकी टीम मौके पर पहुँची।
जवानों ने न केवल संवेदनशीलता दिखाई, बल्कि बिना एक पल गँवाए घायल युवकों को प्राथमिक उपचार दिया और खुद की देखरेख में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुँचाया। खाकी के इस मानवीय स्वरूप ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सुरक्षाबल केवल सीमा के रक्षक ही नहीं, बल्कि आम जनमानस के सच्चे साथी भी हैं। समय पर मिले इलाज के कारण दोनों युवकों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

