जांजगीर-चांपा। पश्चिम बंगाल की तपती धरती से लेकर असम के गलियारों तक आज भारतीय जनता पार्टी ने जीत का जो महाकीर्तिमान रचा है, उसकी गूँज छत्तीसगढ़ के जांजगीर तक सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासवाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के माइक्रो-मैनेजमेंट और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल संचालन ने न केवल ममता बनर्जी के अभेद्य किले को ध्वस्त किया, बल्कि पूरे बंगाल को राष्ट्रवाद के रंग में सराबोर कर दिया है।
इस ऐतिहासिक महाविजय का जश्न जांजगीर में अनूठे अंदाज में मनाया गया, जहाँ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जशपुर जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन ‘झाल-मुड़ी’ का स्वाद चखकर और जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस विजय को ‘लोकतंत्र की पुनर्स्थापना’ करार देते हुए अमर सुल्तानिया ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता के अटूट विश्वास और सांगठनिक नेतृत्व की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो बलिदान दिए हैं, यह जीत उन्हीं शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस चुनावी समर में छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री पवन साय की ‘साइलेंट’ रणनीति की भूमिका भी बेहद अहम रही। सुल्तानिया के अनुसार, पवन साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ से गए सैकड़ों अनुभवी कार्यकर्ताओं की टीम ने बंगाल के कठिन क्षेत्रों में मोर्चा संभाला और टीएमसी के कथित गुंडाराज के बीच घर-घर जाकर राष्ट्रवाद की अलख जगाई, जिसका सुखद परिणाम आज देश के सामने है।
विजय उत्सव के दौरान नेताजी चौक स्थित कार्यालय में माहौल पूरी तरह उत्सवमयी रहा। अमर सुल्तानिया ने विरोधियों पर प्रहार करते हुए कहा कि यह जीत उन ‘झूठे चेहरों’ की करारी हार है जो जनता को भ्रमित कर सत्ता की रोटियां सेंक रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल की जनता ने भय की राजनीति को नकार कर यह साबित कर दिया है कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’। इस दौरान जीत के जश्न को खास बनाने के लिए विशेष रूप से ‘झाल-मुड़ी’ का वितरण किया गया, जिसे सुल्तानिया ने बंगाल विजय के ‘प्रतीक स्वाद’ के रूप में पेश किया।
इस भव्य विजय उत्सव में अमर सुल्तानिया के साथ पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, मनीष तिवारी, सुनील पाण्डेय, राजेश्वर पाटले, अभिषेक पाण्डेय, भूपेंद्र साहू, दीपक गोयल, जितेंद्र खांडे, सुधीर अग्रवाल, मुकेश भोपालपुरिया, गोलू दूबे, सोनू यादव, प्रदीप राठौर, रिया यादव, प्रमोद कश्यप, राकेश राठौर, चुन्नीलाल और बहरताराम यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर राष्ट्रवाद की इस जीत की बधाई दी।

