सरगुजा। जिला मुख्यालय अंबिकापुर में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमोदा रिजॉर्ट के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया हैं। प्रशासनिक टीम ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच करीब 45 डिसमिल जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटा दिया हैं।

जानकारी के अनुसार कमोदा रिजॉर्ट के संचालक द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य कराया गया था। मामले की शिकायत और जांच के बाद प्रशासन अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंचा था। लेकिन दो दिन पूर्व कार्रवाई के दौरान रिजॉर्ट संचालक और अधिकारियों के बीच जमकर हंगामा देखने को मिला था। हंगामा और विवाद के चलते उस दिन प्रशासन को बिना कार्रवाई किए बैरंग लौटना पड़ा था। जिसके बाद से प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे थे।


जिला प्रशासन लगातार हो रही किरकिरी के बाद आज प्रशासन ने दोबारा रणनीति तैयार कर भारी पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की। आज सुबह 6 बजे से प्रशासनिक अमला जेसीबी और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचा और शासकीय जमीन पर बने अवैध हिस्से को ध्वस्त कर बेजाकब्जा हटाया गया।

