जशपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। नारायणपुर-चरभाठी इलाके में एअर एम्बुलेंस (एयरक्राफ्ट) के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरा पहाड़ की तरफ से अचानक आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई हैं। हालांकि, घटनास्थल पहाड़ियों से घिरा हुआ है, जिससे वहां तक पहुंचने में राहत और बचाव दल को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस स्थान से आग की लपटें उठती दिखीं, वह दुर्गम और वन क्षेत्र है। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वास्तव में एअर एम्बुलेंस ही क्रैश हुई है या कोई अन्य कारण है।
प्रशासन ने अभी तक इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

