सरगुजा: जिले के तीन जनपद (मैनपाट, उदयपुर, अंबिकापुर) में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए चुनाव हुआ। जिसमें जनपद अध्यक्ष चुनाव से पहले उदयपुर जनपद में कांग्रेस, भाजपा और गोंडवाना कार्यकर्ताओं के बीच जमकर वाद-विवाद और अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ। जैसे ही कांग्रेस के जनपद सदस्य सिद्धार्थ सिंह देव, ओमप्रकाश सिंह और श्रवण वरकड़े जनपद परिसर पहुंचे, भाजपा और गोंडवाना कार्यकर्ताओं ने उनसे बातचीत करने और अपने पक्ष में समर्थन देने का दबाव बनाया।
गाली-गलौज तक पहुंची बहस
बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के कार्यकर्ता मर्यादा भूल गए और खुलेआम गाली-गलौज करने लगे। इस पूरे विवाद के चलते जनपद परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
टी.एस. सिंहदेव और राजेश अग्रवाल पहुंचे, लेकिन जल्द ही मौके से रवाना हो गए
जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए कांग्रेस के पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव और अंबिकापुर से भाजपा विधायक राजेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, उन्होंने ज्यादा देर रुकने के बजाय स्थिति का जायजा लेकर आगे की रणनीति के लिए कहीं और रवाना होना ही बेहतर समझा।
लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंची
इस घटनाक्रम ने स्वस्थ लोकतंत्र पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। चुनावी प्रक्रिया के दौरान जिस तरह की अमर्यादित भाषा और हंगामा देखने को मिला, वह लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ है।
चुनावी परिणाम:
बावजूद इसके, जनपद चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और विभिन्न जनपदों में परिणाम इस प्रकार रहे—
✅ मैनपाट जनपद पंचायत:
अध्यक्ष: भाजपा समर्थित संतोषी पैकरा (9-8 मतों से विजयी)
उपाध्यक्ष: अनिल सिंह (निर्विरोध निर्वाचित)

✅ अंबिकापुर जनपद पंचायत:
अध्यक्ष: कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सोनपाकर (13 मत)
उपाध्यक्ष: सतीश यादव (16 मत)


✅ उदयपुर जनपद पंचायत:
अध्यक्ष: ओमप्रकाश सिंह (8 मत)
उपाध्यक्ष: सिद्धार्थ सिंह (8 मत)
(विपक्षी उम्मीदवारों को केवल 5-5 मत मिले)


