सरगुजा, छत्तीसगढ़। सीतापुर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध धान भंडारण के खिलाफ बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। इस दौरान बीजेपी नेता एवं एडवोकेट सुनील गुप्ता के निवास से 400 से अधिक बोरी अवैध धान जब्त की गई है। जब्त धान की कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
प्रशासन को देर रात सूचना मिली थी कि ट्रक के माध्यम से अवैध रूप से धान का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां बड़ी मात्रा में धान पाया गया।
कार्रवाई के दौरान बीजेपी नेता सुनील गुप्ता द्वारा प्रशासनिक टीम को धमकाने और “देख लेने” की चेतावनी देने का भी आरोप है, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखते हुए धान को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि बीजेपी नेता सुनील गुप्ता, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के करीबी माने जाते हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

