मनेन्द्रगढ़ रोड पर हुई सिलसिलेवार चोरियों में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीनों मामलों में मिलकर कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया। इस सामान में नगद ₹192,080, साड़ी, लैपटॉप, चांदी के आभूषण, घरेलू सामान, और भी कई कीमती चीजें शामिल हैं, जिनकी कुल किमत ₹355,580 से भी ज्यादा है। इतना ही नहीं, चोरी में इस्तेमाल किए गए दो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
पहला मामला 31 मार्च की रात का था, जब अज्ञात चोरों ने एक मेगाशॉप का ताला तोड़कर ₹321,190 की चोरी की। दूसरा मामला 6 अप्रैल का था, जब मिनी शो और जरही जयपुर दुकानों से नगद और सामान चोरी हो गया। तीसरा मामला 4 अप्रैल की रात का था, जब एक कपड़ा दुकान से ₹70,000 नगद और अन्य सामान चोरी हो गए थे। इन तीनों मामलों की पुलिस ने सख्त जांच की, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, और तकनीकी मदद से संदिग्धों की पहचान की।
फिर बिश्रामपुर और सूरजपुर से पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़कर उनसे पूछताछ की। सभी ने अपनी चोरी की बात कुबूल की। गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन देवांगन, नानू देवांगन, कार्तिक देवांगन, पुन्नू अगरिया, अमित तिर्की, और चंचल देवांगन शामिल हैं। इनके पास से चोरी के सारे सामान भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना गांधीनगर के निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय और उनकी टीम का अहम योगदान रहा। पुलिस टीम द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के चलते इन चोरियों का खुलासा हुआ और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा गया।

