जशपुर। जिले के बगीचा भाजपा मंडल में इस बात को लेकर खुशी देखी जा रही थी, कि भाजपा के पुराने कर्मठ कार्यकर्ताओं को पार्टी बेहतर दायित्व सौपेगी। लेकिन छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने एल्डरमैन की सूची जारी कर कई नेताओं को नाराज कर दिया है। जिसका गुस्सा अब व्हाट्सएप ग्रुप में भी देखने को मिल रहा है।

भाजपा मंडल के व्हाट्सएप ग्रुप में
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने एल्डरमैन की सूची जारी करते हुए नगर पालिक निगम और नगर पंचायत में एल्डरमैन अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक घोषित कर दिया है। जिसमें कई नाम शामिल है। वही बात करें बगीचा भाजपा मंडल कि तो जैसे ही एल्डरमैन की सूची आई, वैसे ही नाराजगी सीधे तौर पर व्हाट्सएप ग्रुप में देखने को मिला। जहां इस बात की चर्चा ज्यादा चल रही थी कि भाजपा के कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं को एल्डरमैन बनने का मौका नहीं दिया गया। आरोपी यह भी है कि 5-5 लाख रुपए देकर एल्डरमैन की सीट पक्की की गई हैं।

एल्डरमैन बनने का विवाद
एल्डरमैन के नाम की सूची जैसे ही जारी हुई, वैसे पूरे छत्तीसगढ़ में विवाद की स्थिति देखने को मिला है। लेकिन पार्टी के अनुशासन का पालन करते हुए कोई भी भाजपा कार्यकर्ता मुखर होकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। लेकिन भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपस में ही बैठकर चर्चा कर व्हाट्सएप ग्रुप में अपनी भड़ास निकालते हुए नजर भी आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में जो भी मुखर होकर अपनी आवाज उठाता है, उसका नाम नोट कर लिया जाता है, और उस पर पार्टी की निगाहे बनी रहती है। ऐसे में भाजपा के जुझारू और कर्मठ कार्यकर्ताओं को एल्डरमैन बनने का मौका नहीं मिला तो क्या पार्टी इन पर ध्यान देगी, या इसका खामियाजा आने वाले चुनाव में पार्टी को भुगतना पड़ सकता है।


