सरगुजा, छत्तीसगढ़। अंबिकापुर शहर से लगे डबरीपानी क्षेत्र में वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद आलोक दुबे की शिकायत के बाद जिला प्रशासन, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि वन भूमि पर कब्जा कर 20 से अधिक मकानों का निर्माण किया गया था। लंबे समय से इसकी शिकायत प्रशासन को मिल रही थी, जिसके बाद जांच कर कार्रवाई की गई। प्रशासनिक अमला, चार बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचा और अवैध निर्माणों को तोड़ना शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कब्जाधारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई।

मौके पर वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई देर शाम से जारी रही हैं। इलाके में कार्रवाई को लेकर लोगों ने नाराजगी भी जताई हैं,कहा कि जब वन भूमि की जमीन पर अतिक्रमण करने के दौरान बीड गार्ड, रेंजर, डीएफओ सहित अन्य अधिकारी कहा रहते हैं। जब पूरे मकान बन जाते हैं, इसके बाद उन्हें याद आता है कि यहां अवैध अतिक्रमण किया गया है। इस तरह से वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को घर बनाने का आश्वासन देने का काम नहीं करना चाहिए। जिससे आने वाले समय में मकान को अवैध अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया जाए, और नोटिस देकर तोड़ने की कार्रवाई की जाए।


