सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत जूनाडीह के पास बहने वाली चुल्हट नदी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल में एक करीब 10 फीट लंबा विशाल अजगर फंस गया। शनिवार, 25 अप्रैल को हुई इस घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
अजगर को जाल में फंसा देख लोगों में डर का माहौल बन गया, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए स्थिति को संभाला। जूनाडीह निवासी जोखन राजवाड़े और मुन्ना सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए अजगर को जाल समेत सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और कंधे पर उठाकर चुल्हट नदी के पुराने पुल के पास सुरक्षित छोड़ दिया।
ग्रामीणों की सूझबूझ और साहस के चलते न तो किसी प्रकार की जनहानि हुई और न ही अजगर को कोई नुकसान पहुंचा। क्षेत्र में इससे पहले भी कई बार अजगर निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें रेस्क्यू टीम द्वारा सुरक्षित पकड़कर जंगल या नदी किनारे छोड़ा गया है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में वन विभाग की टीम की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

