अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता अंशुल श्रीवास्तव को संगठन द्वारा भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत किया गया है। इससे पूर्व वे जिला महामंत्री, भाजपा युवा मोर्चा, सरगुजा के रूप में संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे।

अंशुल श्रीवास्तव का संगठनात्मक एवं वैचारिक जुड़ाव राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से रहा है। छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से उन्होंने वैचारिक प्रशिक्षण एवं नेतृत्व कौशल अर्जित किया।
विगत 13 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी एवं उसके विभिन्न अनुषांगिक संगठनों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने मंडल से लेकर जिला एवं विधानसभा स्तर तक अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया है। किसान मोर्चा में मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, विधानसभा चुनावों में पूर्णकालिक विस्तारक, वॉर रूम प्रभारी एवं भाजयुमो प्रभारी जैसे दायित्वों के माध्यम से उन्होंने संगठन विस्तार, चुनावी प्रबंधन एवं कार्यकर्ता समन्वय में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
कोरोना महामारी के कठिन समय में अंशुल व उनकी टीम द्वारा संचालित “मोदी किचन” का उल्लेखनीय एवं सफल संचालन किया गया, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन जरूरतमंदों एवं राहगीरों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। इस सेवा कार्य के लिए उन्हें जिला प्रशासन तथा पार्टी नेतृत्व द्वारा प्रशंसा एवं सम्मान प्राप्त हुआ।
उनकी नियुक्ति पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं हर्ष व्याप्त है। अंशुल श्रीवास्तव ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी द्वारा प्रदत्त दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाएंगे।

