सरगुजा। जिले के ग्राम सरभंजा डुमरगोड़ा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल में खुखड़ी (जंगली मशरूम) बीनने गई एक महिला पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला के सिर और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला सुबह जंगल में खुखड़ी बीनने गई थी। इसी दौरान अचानक सामने आए जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया।
घायल महिला को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

