अंबिकापुर। माँ कुदरगढ़ी एल्युमिनियम रिफाइनरी प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट परिसर में बॉक्साइट खाली करते समय एक हाइड्रोलिक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की ट्रक के नीचे दबने से गंभीर चोटें आईं। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 04 RY 2039 बॉक्साइट खाली कर रहा था। इसी दौरान हाइड्रोलिक सिस्टम के संचालन के समय ट्रक अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में चालक सौरव घोष (40) ट्रक के नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद प्लांट कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सौरव घोष पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, लापरवाही या अन्य किसी वजह से हुई।

