अंबिकापुर। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी के नाम से जारी 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक और उसका लाइसेंस जब्त कर लिया है, वहीं उसकी चल एवं अचल संपत्ति की कुर्की की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली, जिला सरगुजा के अपराध क्रमांक 504/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत दर्ज प्रकरण में ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल आरोपी है। घटना के बाद से वह लगातार फरार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग या सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के नाम पर जारी 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक को उसके परिजनों द्वारा प्रस्तुत किए जाने पर जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण विवेचनाधीन होने के कारण शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा पहले ही संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी थी।
इसके अलावा पुलिस ने राजस्व विभाग से आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति का विवरण प्राप्त कर कुर्की की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। ग्राम भफौली में आरोपी द्वारा कथित अतिक्रमित भूमि का भी मौके पर सत्यापन कराया जा रहा है।
सरगुजा पुलिस का कहना है कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि आरोपी को शरण देने, छिपाने या गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

