अम्बिकापुर। किसानों से उर्वरक की ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दरिमा स्थित कृष्णा कृषि सेवा केंद्र में औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के निर्देश पर एसएडीओ जे. आलम के नेतृत्व में गठित टीम ने दुकान और गोदाम की जांच की।
जांच के दौरान गोदाम में कई अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने 1110 बोरी उर्वरक जब्त कर लिया। साथ ही जब्त किए गए उर्वरक के विक्रय पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने और नियमों का उल्लंघन करने वाले उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि यदि कहीं खाद की ओवररेटिंग या अन्य अनियमितता की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।

