अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा के निर्देशानुसार सोमवार को जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शासकीय एवं निजी ब्लड बैंक के कार्यों में बेहतर समन्वय, रक्तदान को प्रोत्साहन, रक्त की सतत उपलब्धता तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता नोडल अधिकारी डॉ. पी.के. सिन्हा ने की। उन्होंने सभी संचालकों को ब्लड बैंक स्टाफ की ड्यूटी व शिफ्ट निर्धारण, अनुशासन, वर्दी और आईडी कार्ड के साथ आचार संहिता का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही समय-समय पर बैठक, प्रशिक्षण एवं समीक्षा सत्र आयोजित करने, उपकरणों और भवन की स्वच्छता बनाए रखने तथा रक्तदाताओं के पंजीकरण, पहचान सत्यापन और स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि रक्त संग्रहण केवल प्रशिक्षित तकनीशियन द्वारा किया जाए तथा स्वच्छता व स्टरलाइजेशन के सभी मानकों का पालन हो। प्रत्येक यूनिट की एचआईवी, एचबीवी, एचसीवी, वीडीआरएल और मलेरिया की अनिवार्य जांच की जाए। रक्त का उचित तापमान पर भंडारण, स्टॉक रजिस्टर का दैनिक अपडेट और बिजली कटौती की स्थिति में जनरेटर व यूपीएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि रक्त केवल पंजीकृत अस्पतालों और जरूरतमंद मरीजों को ही दिया जाए तथा क्रॉस मैचिंग के बाद ही यूनिट जारी हो। आपातकालीन स्थिति में त्वरित उपलब्धता, कानूनी पालन, सुरक्षा मानकों और बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण पर विशेष बल दिया गया। ड्रग्स-कोस्मेटिक एक्ट 1940 और सीबीटीसी गाइडलाइन का पालन, नियमित ऑडिट, निरीक्षण और रिकॉर्ड संधारण के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान सीएमएचओ डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि जिला स्तर पर ब्लड बैंकों की मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण हेतु जिला स्तरीय ब्लड सेल का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से सभी शासकीय एवं निजी ब्लड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक कार्यवाही भी की जाएगी।
बैठक में डॉ. वाई.के. किण्डो, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र राम, संजय पांडेय सहित तेज ब्लड बैंक, गोयल चेरिटेबल ब्लड सेंटर, बालाजी चेरिटेबल ब्लड सेंटर, हॉली क्रॉस ब्लड सेंटर के संचालक तथा रेडक्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

