अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर विलास भोसकर की अध्यक्षता में कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर विलास भोसकर ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में मुख्य रूप से राजस्व संबंधी प्रकरण, नामांतरण, सीमांकन और रजिस्ट्री जैसे मामलों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
इसके अलावा, कई आवेदकों ने राशन सामग्री प्राप्त न होने की शिकायत भी दर्ज कराई। इस पर कलेक्टर ने तत्परता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राशन सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, राम सिंह ठाकुर, अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त डी. एन. कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन द्वारा निरंतर सकारात्मक पहल की जा रही है।

