अंबिकापुर, छत्तीसगढ़। राज्य युवा आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में सोमवार को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही। इस संवाद का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक और शैक्षणिक चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया, पायल सिंह तोमर और नगर पालिक निगम पार्षद दीपक यादव मौजूद रहे।

अध्यक्षता कर रहे विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि आयोग शीघ्र ही युवाओं के लिए एक वेबसाइट लांच करने जा रहा है, जो उन्हें अपनी बात रखने और सुझाव साझा करने का सशक्त मंच प्रदान करेगी। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और पूरी लगन से मेहनत करें, क्योंकि राज्य सरकार योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर ही अवसर प्रदान कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक शक्ति का उपयोग कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। उन्होंने युवाओं को साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्क रहने और हर स्थिति में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कभी धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराएं।

पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने युवाओं से कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा पीढ़ी है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ मेहनत करने की सलाह दी। साथ ही नशे से दूर रहने और समाज सुधार में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नशे से जुड़े अपराधों की शिकायत के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध है, जिस पर सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार टोप्पो ने युवाओं से कहा कि सच्चा युवा वही है जो बाधाओं को पार कर आगे बढ़े। उन्होंने अनुशासन, मेहनत और धैर्य को सफलता की कुंजी बताया और युवाओं को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार में केवल प्रतिभा और योग्यता के आधार पर ही अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग सोच-समझकर करें, क्योंकि एक गलत कदम युवाओं को मुश्किलों में डाल सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरा कार्यक्रम उत्साह और प्रेरणा से भरपूर रहा, जिसमें युवाओं ने गंभीरता से अपनी भागीदारी निभाई।

