जशपुर, छत्तीसगढ़। पत्थलगांव की राजनीति में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब बीजेपी से जुड़े एक पार्षद पर पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी युवती को भगाकर शादी करने का गंभीर आरोप लगा। मामले में पत्नी अंजली गुप्ता ने पति रोशन गुप्ता, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ पत्थलगांव थाने में शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि उसकी शादी रोशन गुप्ता से हुई थी और दोनों का 7 साल का एक बेटा भी है। पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद और तलाक का मामला फिलहाल परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद पति द्वारा दूसरी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर शादी करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया के जरिए यह प्रचारित किया जा रहा है कि तलाक हो चुका है, जबकि मामला अभी कोर्ट में लंबित है। महिला ने इसे कानून और समाज को गुमराह करने की कोशिश बताया है।
मामले ने इसलिए भी ज्यादा तूल पकड़ लिया है क्योंकि आरोपी पार्षद के पिता पूर्व में पत्थलगांव नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। पत्नी ने आरोप लगाया है कि परिवार अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। वहीं आरोपी पार्षद के पिता पर पूर्व में भी कई गंभीर आरोप लग चुके हैं। जानकारी के अनुसार उनके खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में भी प्रकरण दर्ज हो चुके हैं, जिनमें कुछ मामले आज भी माननीय न्यायालय में लंबित बताए जा रहे हैं।
अब पूरे मामले में देखना होगा राजनीति न्याय पर हावी होती है या निष्पक्ष जांच से महिला को न्याय मिल पाता हैं या नहीं।

