रायगढ़ पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता एक बार फिर देखने को मिली, जहां थाना चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने परिजनों से बिछड़े एक मासूम बच्चे को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया। पुलिस की सतर्कता और संवेदनशील व्यवहार से एक परिवार की बड़ी चिंता कुछ ही घंटों में खत्म हो गई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 की रात करीब 8 बजे थाना चक्रधरनगर पुलिस को सूचना मिली कि कमला नेहरू गार्डन के पास लगभग 4 से 5 वर्ष का एक बालक अकेले और घबराई हुई हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
पुलिस टीम ने बच्चे को शांत कर उससे बातचीत की। पूछताछ के दौरान मासूम ने अपना नाम बताया और मिट्ठूमुडा क्षेत्र का रहने वाला होना बताया। इसके बाद पुलिस टीम बच्चे को साथ लेकर मिट्ठूमुडा क्षेत्र पहुंची और उसके परिजनों की तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान पुलिस को बच्चे का लगभग 8 वर्षीय बड़ा भाई मिला। दोनों बच्चों से जानकारी लेने के बाद पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित उनके घर लेकर पहुंची, जहां मासूम को उसकी मां के सुपुर्द किया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिवार की आंखों में राहत साफ दिखाई दी। परिवारजनों ने चक्रधरनगर पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली के लिए आभार व्यक्त किया।
यह पूरी घटना एक बार फिर साबित करती है कि रायगढ़ पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निभा रही है।

