जशपुर, छत्तीसगढ़: जशपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक गिरधारी राम यादव (उम्र 54 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना तब सामने आई जब जशपुर के एक स्कूल में पढ़ने वाली 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ दिनांक 14.11.2025 को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
नाबालिक बालिका अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते गिरधारी राम के घर में रह कर पढ़ाई करती थी। और साथ ही गिरधारी राम के घर का काम भी करती थी, इसी बीच गिरधारी राम नाबालिक के साथ छेड़ छाड़ और दुष्कर्म जैसे संगीन अपराध को अंजाम दिया। बच्ची पहले डर के कारण किसी को इस बारे में बताई नहीं लेकिन जब वह परेशान हो गई तब गिरधारी राम के घर से भाग कर अपने घर गई और मां बाप को पूरे घटना क्रम की जानकारी दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, आरोपी शिक्षक के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बी एन एस की विभिन्न धारा एवं पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया था। घटना दिनांक से ही फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गईं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थीं, टेक्निकल टीम आरोपी के लोकेशन को ट्रेस कर रही थी, और एक टीम सादी वर्दी में 24 घंटे उसके मोहल्ले और घर पर नज़र बनाए हुए थी।
पुलिस के लगातार दबाव के कारण, आरोपी गिरधारी राम यादव कपड़े और रुपए लेकर कहीं अन्यत्र भागने की फिराक में था, और जैसे ही वह अपने घर पहुंचा, सादी वर्दी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और फरार आरोपी शिक्षक को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है।


