सरगुजा जिले के चौकी केदमा अंतर्गत ग्राम लालपुर में मंगलवार रात दो नाबालिग सहेलियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ेगांव चौकी केदमा निवासी चार किशोरियाँ — सुबासो, अंजनी, निर्मला और ललिता — और एक युवक बीर सिंह, गर्मी के मौसम में धान कटाई के लिए पिछले एक सप्ताह से ग्राम लालपुर में काम कर रहे थे। मंगलवार देर शाम सभी ने मिलकर खाना खाया और खाट पर सो गए।
रात करीब एक बजे सुबासो की तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियाँ शुरू हो गईं। उसने बाकी सहेलियों को जगाया, तभी निर्मला ने भी चक्कर आने की शिकायत की। स्थिति बिगड़ती देख परिजन उन्हें केदमा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर बनी रही, जिसके चलते उन्हें सुबह 6 बजे सीएचसी उदयपुर रेफर किया गया।
सीएचसी में इलाज के दौरान सुबासो (14 वर्ष), पिता मिल साय की मौत हो गई। वहीं निर्मला (13 वर्ष), पिता चंखारी की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
दोनों सहेलियों की अचानक हुई मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।

