सरगुजा जिले में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे गुतुरमा-लिचिरमा चौक के पास एनएच-43 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक बिक्की (25 वर्ष), पिता स्व. बालक, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक दिलभंजन गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों उलकिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाज़ुक देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी।
हादसे के बाद मौके पर आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया, लेकिन चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ और गुस्से का माहौल बना रहा।

