अंबिकापुर। शहर के कैलाश मोड़ इलाके में चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने किराना दुकान और मेडिकल स्टोर के ताले तोड़कर अंदर रखे सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चोर किराना दुकान से ड्राई फ्रूट्स, घी और नकदी समेत हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। वहीं, मेडिकल स्टोर में भी ताला तोड़कर चोरी की गई है। सुबह दुकान संचालकों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले भी इसी दुकान के पास स्थित एक अन्य दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि नशे के आदी लोगों द्वारा वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। हालांकि, चोरों की पहचान और चोरी के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फुटेज की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

