अंबिकापुर। शहर के रिंग रोड स्थित काली मंदिर के पास रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
बताया जा रहा है कि कार में तीन लड़के सवार थे और उनकी उम्र नाबालिग बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों नशे की हालत में नजर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसा होते ही कार में सवार तीनों लड़के मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कार सवारों की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
वहीं, दुर्घटना के बाद रिंग रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।

