सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलदगी बेदो पानी में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब पीने के दौरान हुए आपसी विवाद में दो भाइयों ने अपने ही बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों भाई एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि दो भाइयों ने मिलकर बड़े भाई पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाई फरार हो गए थे। मामले की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन कारणों और परिस्थितियों के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

