अम्बिकापुर। शहर की कोतवाली के सामने दिनदहाड़े एक महिला चैन स्नैचिंग का शिकार हो गई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक महिला के पास पहुंचे और गले से सोने की चैन झपटकर मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

