बलरामपुर। बलरामपुर–रामानुजगंज जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद के बीच एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शासकीय प्राथमिक विद्यालय मगनजोत (कोगरार), विकासखंड वाड्रफनगर में बच्चों को गलत अंग्रेज़ी पढ़ाने का मामला सोशल मीडिया पर सामने आते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए सहायक शिक्षक प्रवीन टोप्पो को निलंबित कर दिया।
वायरल वीडियो और निरीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, कक्षा में न केवल गलत उच्चारण और गलत शब्द पढ़ाए जा रहे थे, बल्कि अकादमिक गतिविधियों की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई। छात्रों ने भी अधिकारियों को पुष्टि की कि शिक्षक द्वारा पढ़ाई में गंभीर गड़बड़ी की जा रही है, जिससे उनकी सीखने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर की जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद शिक्षक की लापरवाही और कर्तव्यहीनता को गम्भीर मानते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 एवं सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत तुरंत निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में प्रवीन टोप्पो की पदस्थापना शासकीय हाईस्कूल दुन्सरण, विकासखंड रामचंद्रपुर में रहेगी, तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने साफ कहा है कि बच्चों की शिक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। विभाग ने सभी शिक्षकों को चेतावनी दी है कि शिक्षण गुणवत्ता में लापरवाही दिखते ही कड़ी कार्रवाई तय है।

