बलरामपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी में पारदर्शिता लाने कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशों के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है। अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने बनाए गए निगरानी तंत्र को सख्ती से लागू करते हुए शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई की गई।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज आनंद राम नेताम के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य व मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश की ओर से जिले में प्रवेश कर रहे दो पिकअप वाहनों को संदिग्ध स्थिति में देखा। टीम ने तुरंत पीछा किया और लगभग 4.5 किलोमीटर का रोमांचक चेज के बाद दोनों वाहनों को रोकने में सफलता पाई। पिकअप में भारी मात्रा में भरा अवैध धान देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
रात करीब 3:30 बजे हुई इस कार्रवाई में कुल 200 बोरी अवैध धान जब्त किया गया। जब चालकों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वे कोई भी कागज नहीं दिखा सके। इसके बाद प्रशासन ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थाना को सौंप दिया।
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जिले में अवैध धान लाने वाले कोचियों, तस्करों और बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि धान खरीदी से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता दिखे तो तुरंत सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

