अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर से अंबिकापुर जा रहा तेल टैंकर सड़क किनारे एक होटल में ड्राइवर नाश्ते के लिए रुका था। इसी दौरान टैंकर अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और करीब 200 मीटर दूर स्थित दूसरे होटल में जा घुसा। टैंकर सीधे होटल के जलते भट्ठे तक पहुंच गया। गनीमत रही कि इस दौरान आगजनी की कोई घटना नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 11:30 बजे हुआ। टैंकर के अचानक पीछे लुढ़कने से होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्राहक की बुलेट मोटरसाइकिल उसके नीचे दब गई। टैंकर दूसरे होटल के जलते भट्ठे तक पहुंच गया था, जिससे आग लगने की आशंका पैदा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए होटल के मिस्त्री ने तत्काल दोनों भट्ठों की आग बुझा दी।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, एहतियात के तौर पर अदाणी कोल माइंस की फायर ब्रिगेड टीम को भी तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर टैंकर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
फिलहाल, इस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। जलते भट्ठे तक तेल टैंकर पहुंचने के बावजूद आग नहीं लगने से एक बड़ा हादसा टल गया।

