सरगुजा। एके-47 सर्विस राइफल और 90 जिंदा कारतूस की चोरी के मामले में सरगुजा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेरी फार्म के पास स्थित एक घर से हुई इस चोरी में शामिल महिला सहित तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला सामने आने के बाद सरगुजा एसपी के निर्देश पर एडिशनल एसपी और सीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। जांच में जुटी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धरदबोचा और उनके कब्जे से एके-47 राइफल, 90 राउंड जिंदा कारतूस के साथ-साथ चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए।
गौरतलब है कि यह वारदात गांधीनगर निवासी आरक्षक आशीष तिर्की के सूने मकान में अंजाम दी गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि पकड़े गए तीनों आरोपी आरक्षक के पड़ोसी हैं और पूर्व में भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एके-47 राइफल का उपयोग कर किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन समय रहते पुलिस की सतर्कता ने एक गंभीर खतरे को टाल दिया।
सरगुजा एसपी ने इस पूरे घटना के बाद से सभी सुरक्षा कर्मियों सहित आरक्षकों को लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि ड्यूटी खत्म होने के बाद सभी अपने रायफय नजदीकी के थाने या पुलिस लाईन में जमा करना अनिवार्य होगा, ना कि रायफल को घर ले जाए। जिससे कि इस तरह की घटना दोबारा ना हो सके।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।

