अंबिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप 2026 में खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिभा लगातार देखने को मिल रही है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कोर्ट पर रोमांच, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस लीग प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं। बालक वर्ग में सरगुजा किंग, सरगुजा टाइगर, सरगुजा ब्लैक पैंथर, सरगुजा फाल्कन और सरगुजा लायंस टीमें मैदान में हैं, जबकि बालिका वर्ग में सरगुजा होपर्स, सरगुजा बॉलर्स, सरगुजा फाइटर्स, सरगुजा चैंपियंस, सरगुजा स्टार और फ्लाइंग फाइटर्स टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में सरगुजा ब्लैक पैंथर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरगुजा किंग को पराजित किया। वहीं बालिका वर्ग में सरगुजा फाइटर्स ने सरगुजा स्टार के खिलाफ जीत दर्ज की। एक अन्य मुकाबले में सरगुजा बॉलर्स ने सरगुजा चैंपियंस को हराकर अपनी टीम की मजबूती साबित की। खिलाड़ियों के बेहतरीन समन्वय, तेज गति और रणनीतिक खेल ने प्रतियोगिता को और अधिक रोमांचक बना दिया।
राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। लीग प्रारूप के कारण खिलाड़ियों को अधिक मैच खेलने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके खेल कौशल, अनुभव और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का सहयोग और प्रोत्साहन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

