अंबिकापुर।आमतौर पर जन्मदिन के मौके पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ जश्न मनाते हैं, लेकिन सरगुजा पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश अग्रवाल ने अपना जन्मदिन कुछ अलग अंदाज में मनाया। रविवार, 20 सितंबर को उन्होंने दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताया और जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
एसपी राजेश अग्रवाल दोपहर में अपने परिवार के साथ आशा निकुंज Diahabeld Girls School पहुंचे। यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चियों से मुलाकात की, उनसे बातचीत की और उनके साथ जन्मदिन मनाया। एसपी को अपने बीच पाकर बच्चियों में भी उत्साह और खुशी नजर आई।

इसके बाद एसपी समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के आश्रम पहुंचे। यहां भी उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। दिव्यांग बच्चों के बीच जन्मदिन मनाने का यह अंदाज उनके दिन को खास बना गया।
जन्मदिन के अवसर पर एसपी राजेश अग्रवाल ने सुबह सपरिवार लमगांव स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने मां महामाया मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। वहीं, जन्मदिन पर जिले के जनप्रतिनिधियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न समाजों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां बांटने की इस पहल ने एसपी राजेश अग्रवाल के जन्मदिन को एक अलग और यादगार अंदाज दे दिया।

