छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) द्वारा सात विशेषज्ञ चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। ये नियुक्तियाँ प्रदेश के विभिन्न जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में की गई हैं, जिससे आम लोगों को बेहतर और त्वरित इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि इन नियुक्तियों से प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं की क्षमता में वृद्धि होगी और चिकित्सा सेवाओं को अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। संबंधित चिकित्सकों को बालोद, कबीरधाम, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, महासमुंद और मुंगेली जिलों के अस्पतालों में पदस्थ किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बीते एक वर्ष में सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जनवरी 2024 से अप्रैल 2025 के बीच प्रदेश में 88 विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित सैकड़ों संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्तियाँ की गई हैं। इसमें 432 चिकित्सा अधिकारी, 344 स्टाफ नर्स, 87 एएनएम, 75 लैब टेक्नीशियन, 279 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और 878 अन्य पद शामिल हैं।
सरकार का यह प्रयास केवल नियुक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक दीर्घकालिक और लक्ष्य आधारित नीति का हिस्सा है। इन नियुक्तियों से न केवल स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि दूरस्थ अंचलों के लोगों को भी समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा देने वाली साबित हो रही है।

