अंबिकापुर। सरगुजा जिले में उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल लीग प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया गया। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षित खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर लीग पद्धति के आधार पर मुकाबले कराए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मैच अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानकों के अनुरूप आयोजित किए जा रहे हैं। इससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा और वे खेल के तकनीकी पहलुओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल मैच आयोजित करना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि इस लीग के माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, खेल भावना, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास होगा। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ लगातार जिले की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि यहां के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, समाजसेवी संजय अग्रवाल, एमआईसी सदस्य प्रियंका गुप्ता तथा पार्षद शैलेश कुमार सिंह भी शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

