अंबिकापुर, छत्तीसगढ़ :– अंबिकापुर केंद्रीय जेल में बंद हत्या के एक दोषी कैदी की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय इंद्रपाल के रूप में हुई है, जो सूरजपुर जिले के कटकोना गांव का निवासी था।
इंद्रपाल को 2021 में हत्या के मामले में अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। प्रारंभ में वह महेंद्रगढ़ उप-जेल में सजा काट रहा था, लेकिन वर्ष 2023 में उसे अंबिकापुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था।
जेल प्रशासन के अनुसार, इंद्रपाल की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों और मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। फिलहाल जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कैदियों के स्वास्थ्य पर अतिरिक्त ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

