अंबिकापुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फुन्दुरडिहारी (पटेलपारा) में जीवनदीप समिति की सामान्य सभा की बैठक पार्षद एवं एमआईसी सदस्य रविकांत उराँव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मरीजों को मिलेगी सुविधा
बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के औषधि भंडारण कक्ष के नवनिर्माण तथा स्वास्थ्य केंद्र के बाह्य स्वरूप के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। समिति सदस्यों ने कहा कि दवाओं के सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण के लिए अलग भंडार कक्ष का निर्माण आवश्यक है। इससे दवाओं के रखरखाव में सुविधा होगी और मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं स्वास्थ्य केंद्र के बाहरी स्वरूप के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण से परिसर का वातावरण बेहतर होने के साथ मरीजों और उनके परिजनों को भी सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

बैठक में उपस्थित रहे
इस बैठक में डॉ. शोभना पाठक (चिकित्सा अधिकारी, आयुष), संस्था प्रभारी संजय कुमार पौवे (आरएमए), राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल (ओएओ) सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर पार्षद एवं एमआईसी सदस्य रविकांत उराँव ने कहा कि वार्डवासियों को उनके घर के नजदीक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं में सुधार के लिए समिति एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर लगातार प्रयास किए जाएंगे।

