अंबिकापुर। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान त्रिपाल टोप्पो उर्फ गुलाब (53 वर्ष), निवासी इन्दरपुर, थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन और एक नोटबुक भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विद्याचरण राव निवासी इन्दरपुर ने मणिपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके गांव के त्रिपाल टोप्पो ने उसे ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने की बात कही थी। इसके बाद त्रिपाल के माध्यम से उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से हुई। राजकुमार ने उसे Bitget Wallet (LGNS) क्रिप्टो वॉलेट ऐप के बारे में बताया और इसमें पैसे लगाने पर रकम बढ़ने का झांसा दिया।
शिकायत के मुताबिक, 19 जुलाई 2026 को प्रार्थी को होटल फिल आनन्दम में शेयर मार्केट से जुड़ी ट्रेनिंग के लिए बुलाया गया। यहां लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से करीब 10-12 लोगों को क्रिप्टो वॉलेट ऐप में निवेश करने और रकम बढ़ने की जानकारी दी जा रही थी। आरोपियों ने 12 लेवल तक पहुंचने के बाद लगातार पैसा मिलने का लालच दिया। इसी दौरान राजकुमार पैकरा ने प्रार्थी से 10 हजार रुपये नगद लिए और एक साल में रकम बढ़कर करीब एक लाख रुपये होने का झांसा दिया।
शिकायत के आधार पर मणिपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 132/26, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले में पहले ही पांच आरोपियों कांता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने फरार आरोपी त्रिपाल टोप्पो को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर Bitget Wallet (LGNS) के जरिए शेयर मार्केट और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अधिक रकम मिलने का प्रचार-प्रसार करने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के पास से संबंधित मोबाइल फोन और नोटबुक जब्त की है। अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में इस तरह के ऐप और निवेश योजना के प्रचार-प्रसार की जानकारी छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के साथ-साथ देश के दूसरे राज्यों में भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
सरगुजा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में आकर किसी भी भ्रामक या संदिग्ध ऐप के माध्यम से निवेश न करें। ऑनलाइन निवेश करने से पहले ऐप और कंपनी की विश्वसनीयता की जांच जरूर करें, अन्यथा लोग साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

