अंबिकापुर। शहर में तेज बारिश के बाद घुटरापारा इलाके में कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। घरों में पानी भरने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग खुद ही घरों से पानी निकालने में जुटे रहे। कई घरों के बेडरूम और किचन तक पानी पहुंच गया, जिससे घरेलू सामान के साथ घर में रखा अनाज और खाने-पीने का सामान भी खराब हो गया।
बारिश के कारण बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी हुई। वहीं, परिवार के सदस्य घर के अंदर जमा पानी को बाहर निकालने में लगे रहे। स्थानीय लोगों के मुताबिक घुटरापारा क्षेत्र में महामाया पहाड़ की ओर से तेज बारिश के दौरान हर साल पानी का दबाव बढ़ जाता है और बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं।
बताया जा रहा है कि कुंडला सिटी क्षेत्र में भी बारिश का पानी भरने की स्थिति सामने आई। लगातार जलभराव के चलते नगर निगम की बारिश के पानी की निकासी को लेकर की गई व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में बारिश के पानी की निकासी के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था की जरूरत है। वहीं, शहर में कई बस्तियों का नियोजित तरीके से बसाहट नहीं होने के कारण भी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है। हर साल बारिश के दौरान सामने आने वाली इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग अब तेज हो रही है।

