सरगुजा, छत्तीसगढ़। सरगुजा पुलिस द्वारा धर्मांतरण मामलों में लगातार सख्ती बरती जा रही है, और इसी कड़ी में थाना गांधीनगर पुलिस ने धर्मांतरण के एक मामले में त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रोशन तिवारी, निवासी मठपारा थाना अंबिकापुर ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि दिनांक 25 जनवरी 2026 को ओमेगा टोप्पों द्वारा अपने घर पर बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र कर हिंदू धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही थी और लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 46/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 270, 299 एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 5(क) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा सबूत संकलन एवं जांच के बाद महिला आरोपी ओमेगा टोप्पों, पिता स्वर्गीय सामुएल टोप्पों, उम्र 66 वर्ष, निवासी नमनाकला थाना गांधीनगर के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपिया को विधिवत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

