Oplus_131072
कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र के लिलेझर गांव में एक युवक ने हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक नशे में धुत था और मानसिक रूप से बीमार भी है। उसने अचानक गांव के मोबाइल टॉवर पर चढ़कर स्टंट करने शुरू कर दिए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक टॉवर पर अजीबोगरीब हरकतें करता दिख रहा है।
पुलिस का बयान
घटना की जानकारी मिलते ही चारामा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जितेंद्र साहू ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और मानसिक रूप से अस्वस्थ भी प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने युवक को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
युवक की इस हरकत से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह टॉवर से उतरने को तैयार नहीं था। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
युवक के टॉवर पर चढ़ने और स्टंट करने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक स्टंट करने से बचें और किसी भी मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को समय पर इलाज दिलाएं।

