छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती रुकने का नाम नहीं ले रही है। पहले दुर्ग, फिर बलरामपुर में लगातार मामलों के सामने आने के बाद अब रायगढ़ जिले में एक बार फिर अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि रायगढ़ में पहले भी अफीम की खेती पकड़ी गई थी, अब दोबारा यह अवैध गतिविधि सामने आई है।
ताजा मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक के नवीन चट गांव का है, जहां करीब 50 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। खेत के कुछ हिस्सों में अफीम के पौधे पाए गए हैं, जिसके बाद प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार बार-बार एक ही राज्य में अफीम की खेती कैसे पनप रही है? क्या स्थानीय स्तर पर मिलीभगत है या फिर निगरानी तंत्र पूरी तरह से फेल हो चुका है?

