अंबिकापुर। शहर में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए गांधीनगर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में सुशील शांडिल्य और अभिषेक सोनी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सुशील शांडिल्य के खिलाफ पहले भी गांधीनगर और कोतवाली थानों में अपराध दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुंभीडांड, वाड्रफनगर निवासी रोहित सिंह वर्तमान में सिंह कॉलोनी, तुर्रापानी, अंबिकापुर में रह रहे हैं। वह अपने पिता के नाम पर पंजीकृत स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 29 AG 3079 का उपयोग करते थे। 18 सितंबर 2026 की रात उन्होंने मोटरसाइकिल को सिंह कॉलोनी परिसर में खड़ा किया था, लेकिन अगले दिन वाहन गायब मिला। इसके बाद उन्होंने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 594/26 के तहत बीएनएस की धारा 305(बी) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुशील शांडिल्य (26 वर्ष), निवासी धंधापुर रेवतपुर, थाना राजपुर, हाल मुकाम नमनाकला, पुरानी पानी टंकी के पास, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथी अभिषेक सोनी (23 वर्ष), निवासी सुभाषनगर, अंबिका विद्या निकेतन स्कूल के पास, अंबिकापुर के साथ मिलकर सिंह कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई मोटरसाइकिल का तेल खत्म होने के कारण उन्होंने उसे सुभाषनगर में छिपा दिया था और उसकी नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी। पूछताछ के दौरान सुशील ने सुभाषनगर में राधे निवास के पास से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 DW 3084 चोरी कर छिपाकर रखने की जानकारी भी दी। इसके बाद पुलिस ने अभिषेक सोनी को भी पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। वहीं, दूसरे मोटरसाइकिल चोरी के मामले में भी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

