सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में एक महिला को टोनही बताकर प्रताड़ित करने का गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे टोनही कहकर प्रताड़ित किया।
शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान महिला के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद महिला को घर के सामने स्थित आम के पेड़ से साड़ी के सहारे बांध दिया गया। इस दौरान आरोपियों द्वारा महिला को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद पीड़िता ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टोनही प्रताड़ना अधिनियम समेत संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।
मामले में कार्रवाई करते हुए रामानुजनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने चारों को 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जमीन विवाद से शुरू हुए इस घटनाक्रम में महिला को टोनही बताकर कथित तौर पर प्रताड़ित करने और पेड़ से बांधने के आरोप ने मामले को गंभीर बना दिया है। पुलिस द्वारा प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

