अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटरापारा में गणेश विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि डीजे और चोंगे की आवाज कम करने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने एक महिला तथा उसके 17 वर्षीय बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में किशोर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
डीजे की आवाज कम कराने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। घुटरापारा में गणेश विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान डीजे और चोंगे की तेज आवाज को लेकर स्थानीय लोगों ने आवाज कम करने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और मामला गाली-गलौज एवं मारपीट तक पहुंच गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार बीच-बचाव करने पहुंचीं मंजू गुप्ता और उनके 17 वर्षीय बेटे अंकित गुप्ता पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मंजू गुप्ता के दोनों हाथों में चोटें आई हैं, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल किशोर को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
CCTV में कैद हुई घटना

घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है। फुटेज में मारपीट और हमले की पूरी घटना दिखाई देने का दावा किया गया है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस गश्त और कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में तेज आवाज में डीजे बजने और विवाद की स्थिति बनने के बावजूद समय रहते स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी।

गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर प्रशासन की ओर से नियमों के पालन पर जोर दिया जाता है। ऐसे में डीजे की तेज आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदलने से पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।
बहरहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है और घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

