सरगुजा। विधानसभा सत्र के दौरानजिले के उदयपुर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विधानसभा में देवगढ़ में उप तहसील स्थापित किए जाने की घोषणा की गई है। यह निर्णय उदयपुर क्षेत्र सहित देवगढ़ और आसपास के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत के तौर से देखा जा रहा है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि लंबे समय से उदयपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा देवगढ़ में उप तहसील की स्थापना की मांग उठाई जा रही थी। अब इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र के 19 गांव के लगभग 30 हजार लोगों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पडेगा।

देवगढ़ में उप तहसील बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को नामांतरण, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, भू-अभिलेख संबंधी कार्यों सहित अन्य राजस्व सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। इससे न केवल आम लोगों का समय और खर्च बचेगा, बल्कि प्रशासनिक कामकाज भी अधिक सुगम और प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगा।

