रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी और दिग्गज नेता सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी पर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर जमकर निशाना साधा है। रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित मैराथन बैठकों के दौरान पायलट ने स्पष्ट किया कि जो महिला आरक्षण सितंबर 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है, उसे लागू करने में भाजपा की देरी उसकी मंशा पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भाजपा वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना ही नहीं चाहती, बल्कि अपनी राजनैतिक सुविधा के लिए परिसीमन का बहाना बनाकर इसे टाल रही है। पायलट ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार आज ही महिला आरक्षण लागू करती है, तो कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष उनके साथ खड़ा होगा।
इस महत्वपूर्ण सांगठनिक जमावड़े में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रही। बैठक के दौरान सचिन पायलट ने न केवल विधायकों से उनके क्षेत्र की जमीनी समस्याओं पर संवाद किया, बल्कि जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भाजपा के इस ‘भ्रम’ को जनता के बीच जाकर बेनकाब करें। कांग्रेस ने रणनीति तैयार की है कि वार्डों, ब्लॉकों और जिलों में विशेष कार्यक्रमों के जरिए भाजपा सरकार की वादाखिलाफी और नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने ग्राम पंचायत और बूथ स्तर तक की कमेटियों के गठन की प्रगति रिपोर्ट पेश की। वहीं, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने विधानसभा में भाजपा के दुष्प्रचार को विफल करने के प्रयासों को साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को इसे जमीनी स्तर तक ले जाने का आह्वान किया। आगामी दिनों में कांग्रेस पूरे प्रदेश में महिला आरक्षण के मुद्दे पर आक्रामक आंदोलन की तैयारी में है, जिसकी रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी पायलट ने प्रदेश इकाई को सौंपी है। इस दौरान एआईसीसी सचिवों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में बूथ स्तर तक के टारगेट समय पर पूरा करने का संकल्प भी दोहराया गया।

